रेनवाल नगर पालिकाध्यक्ष बने अमित कुमार जैन, उपाध्यक्ष का चुनाव आज

 


रेनवाल नगर पालिकाध्यक्ष बने अमित कुमार जैन, उपाध्यक्ष का चुनाव आज

- डेढ़ दशक बाद पालिका अध्यक्ष पद पर कांग्रेस हुई काबिज

- कांग्रेस के अमित जैन को मिले 24 मत, तो भाजपा के नितिन शर्मा को मिले मात्र 11 मत

नवीन कुमावत

किशनगढ़ रेनवाल । रेनवाल नगर पालिका अध्यक्ष पद पर डेढ़ दशक बाद कॉन्ग्रेस पार्टी ने भाजपा से फिर से राज वापस ले लिया है। रविवार को हुए पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में अमित कुमार जैन ( ओसवाल ) को अध्यक्ष चुन लिया गया है।  नगर पालिका कार्यालय में पालिका अध्यक्ष पद के लिए हुए  मतदान में कुल  35 मतों में से कांग्रेस प्रत्याशी अमित कुमार जैन को 18 कांग्रेसी पार्षदों सहित 6 निर्दलीय पार्षदों के मिले समर्थन से कुल 24 मत हासिल हुए। और अमित कुमार जैन 13 मत से विजयी रहे। वहीं भाजपा प्रत्याशी नितिन शर्मा को भाजपा के निर्वाचित दस व एक निर्दलीय सहित मात्र 11 पार्षदों के मत ही मिल पाए। इसके बाद रिटर्निंग अधिकारी लक्ष्मीकांत कटारा व निर्वाचन अधिकारी सुमन चौधरी ने अमित कुमार जैन को किशनगढ़ रेनवाल के पालिका अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने की घोषणा कर उन्हें पालिका अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई। इस दौरान मौजूद पार्टी पदाधिकारियों एवं कस्बे के गणमान्य लोगों ने नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष अमित कुमार जैन का माला पहना व साफा बंधवा कर स्वागत किया। समर्थकों ने मिठाई भी वितरित की। कोरोना गाइडलाइन की पालना के अनुसार रविवार को कोई जुलूस नहीं निकाला गया। हालांकि पालिका अध्यक्ष अमित कुमार जैन अपने समर्थकों का आभार जताने के लिए नगरपालिका कार्यालय से पैदल चलकर पचार मोड़ तक आए। जहां पर मौजूद सभी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं एवं शहरवासियों ने अमित कुमार जैन का माल्यार्पण कर साफा बंधवाया और मुंह मीठा करवाकर स्वागत किया। इसी दौरान फुलेरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे डॉक्टर विद्याधर सिंह भी जीत की खुशी में शामिल होने पहुंचे। डॉ विद्याधर सिंह ने अमित कुमार जैन के किशनगढ़ रेनवाल के चेयरमैन पद पर मनोनीत होने पर बधाई देते हुए माल्यार्पण कर आशीर्वाद दिया। और अंगुलियों से विक्ट्री का चिन्ह बनाकर खुशी का इजहार किया। सिंह ने कांग्रेस को बहुमत देने के लिए जनता का भी आभार जताया।

एकजुट नजर आए कांग्रेसी पार्षद :

नगर पालिका में पालिकाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव के दौरान शुभ मुहूर्त के अनुसार करीब 12:15 बजे सभी कांग्रेसी एवं समर्थित निर्दलीय पार्षद वाहनों के काफिले में सवार होकर एक साथ नगरपालिका कार्यालय पहुंचे। सभी पार्षदों को मतदान के तुरंत बाद वापस गाड़ियों में बिठाकर फिर से अपने गंतव्य पर भिजवा दिया गया। अब सोमवार को पालिका उपाध्यक्ष के लिए होने वाले चुनाव में वे फिर शामिल होंगे। उधर, भाजपा के पार्षद भी बाड़ेबंदी से सुबह 11:15 बजे नगरपालिका कार्यालय पहुंचे, जहां पर सभी भाजपाई एवं एक निर्दलीय समर्थित पार्षदों ने मतदान किया।

डॉ विद्याधर सिंह ने जताया जनता का आभार :

फुलेरा विधानसभा में कांग्रेस प्रत्याशी रहे डॉक्टर विद्याधर सिंह ने फुलेरा, सांभर और किशनगढ़ रेनवाल में कांग्रेस पार्टी का बोर्ड बनने पर सभी वर्ग की जनता का आभार जताया है। रेनवाल में नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष अमित कुमार जैन को बधाई देने पहुंचे डॉ सिंह ने रेनवाल की जनता का अभिवादन अंगुलियों से विक्ट्री का चिन्ह बना कर किया।


Popular posts from this blog

पीएनबी मेटलाइफ सेंचुरी प्लान - आजीवन आय और पीढ़ियों के लिए सुरक्षा

किराया माफ़ी अभियान की सफलता ने जन्म दिया अॉल किराएदार महासंघ को

एंटेरो हेल्थकेयर सॉल्यूशंस लिमिटेड ने सेबी के समक्ष दाखिल किया ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी)